:गीतिकाएं: --संजीव 'सलिल'
आचार्य संजीव 'सलिल' की २ गीतिकाएं
ई मेल: सलिल.संजीव@जीमेल.कॉम, ब्लॉग: संजिवसलिल.ब्लागस्पाट.com
१
साधना हो सफल नर्मदा- नर्मदा.
वंदना हो विमल नर्मदा-नर्मदा.
संकटों से न हारें, लडें,जीत लें.
प्रार्थना हो प्रबल नर्मदा-नर्मदा.
नाद अनहद गुंजाती चपल हर लहर.
नृत्य रत हर भंवर नर्मदा-नर्मदा.
धीर धर पीर हर लें गले से लगा.
रख मनोबल अटल नर्मदा-नर्मदा.
मोहिनी दीप्ति आभा मनोरम नवल.
नाद निर्मल नवल नर्मदा-नर्मदा.
सिर कटाते समर में झुकाते नहीं.
शौर्य-अर्णव अटल नर्मदा-नर्मदा.
सतपुडा विन्ध्य मेकल सनातन शिखर
सोन जुहिला सजल नर्मदा-नर्मदा.
आस्था हो शिला, मित्रता हो 'सलिल'.
प्रीत-बंधन तरल नर्मदा-नर्मदा.
* * * * *
२
खोटे सिक्के हैं प्रचलन में.
खरे न बाकी रहे चलन में.
मन से मन का मिलन उपेक्षित.
तन को तन की चाह लगन में.
अनुबंधों के प्रतिबंधों से-
संबंधों का सूर्य गहन में.
होगा कभी, न अब बाकी है.
रिश्ता कथनी औ' करनी में.
नहीं कर्म की चिंता किंचित-
फल की चाहत छिपी जतन में.
मन का मीत बदलता पाया.
जब भी देखा मन दरपन में.
राम कैद ख़ुद शूर्पणखा की,
भरमाती मादक चितवन में.
स्नेह-'सलिल' की निर्मलता को-
मिटा रहे हम अपनेपन में.
* * * * *





















